पटना:बिहार में मानसून एक बार फिर से कमजोर पड़ गया है। कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार समेत बिहार के 19 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
इस दौरान 15 से 20 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से पुरवा हवा चलने का अनुमान है। बारिश की कमी का आंकड़ा 30% तक पहुंच गया है।मौसम विभाग की माने तो फिलहाल प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून की स्थिति काफी कमजोर बनी हुई है। वहीं 22 सितंबर से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पूरे बिहार में डमी वाली पूर्वा हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। इसके कारण से दक्षिण पश्चिम मानसून कमजोर पड़ गया है। अभी मानसून मध्य भारत की ओर सक्रिय है।
इस वजह से अगले कुछ दिनों तक बिहार के किसी भी जिले में भारी बारिश देखने को नहीं मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।