बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इस चुनाव में सत्ता से नीतीश कुमार की विदाई तय है और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार की अगली सरकार बन रही है।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान रोहिणी ने कहा कि नीतीश कुमार को लोग 2005 में पहचानने लगे थे और यह पहचान लालू यादव ने ही दी थी। बिहार बीजेपी के सभी नेता लालू जी के ‘प्रोडक्ट’ हैं। एनडीए के कई नेता आज भी लालू के नाम का इस्तेमाल अपना राजनीतिक करियर चमकाने के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता समझदार है और इस बार नीतीश कुमार की विदाई तय है।
रोहिणी आचार्य ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार कहते थे कि नौकरियां पैदा करना असंभव है। तेजस्वी यादव ने उस असंभव को संभव बना दिया। 5 लाख नियुक्ति पत्र बांटे। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज आए दिन हत्या की जा रही हैं। मोकामा में हत्या कर दी जाती है, आरा से भी अपराध की घटनाएं सामने आई हैं। यहां तक कि पटना में भी व्यापारियों की हत्या हुई। उन्होंने सवाल किया कि कहां है सुशासन?













