बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना के जदयू कार्यालय में आयोजित एक समारोह में निशांत ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि आपने जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, बिजेंद्र यादव, रामनाथ ठाकुर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
निशांत ने यह भी कहा कि मेरे पिताजी नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया है, वह उनका निजी फैसला है और उस फैसले को स्वीकार करता हूं और आदर करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि हम सब पिताजी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार संगठन को मजबूत करने का काम करूंगा। पिताजी ने जो कार्य बिहार में किया है, उसे जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश करूंगा और जनता के दिल में घर बनाने की कोशिश करूंगा।
उन्होंने कहा, “मेरे पिताजी ने जो 20 वर्षों में किया है, वह सबको याद रहेगा। उन्होंने जो 20 वर्षों में किया है, उस पर बिहार के लोगों को गर्व है। आप सभी अपना मनोबल बनाए रखें।













