पटना:80 की स्पीड में बाइक। पीछे बैठी लड़की दोनों हाथों में पिस्टल और कजरारे नैना ये काले छलकाए मदिरा के प्याले.. गाने पर स्टंट कर रही है। यह वीडियो पटना के गंगा पाथवे (मरीन ड्राइव) का है। वीडियो लड़की ने अपने इंस्टाग्राम आईडी से शेयर किया है।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस लड़की की तलाश कर रही है। पुलिस ने बाइक का नंबर निकाल लिया है।
पटना का गंगा पाथ वे पर बाइकर्स के लिए स्टंट का अड्डा बन गया है। यहां पुलिस की मौजूदगी के बावजूद युवा खतरनाक स्टंट करते नजर आते हैं। कुछ दिन पहले भी एक लड़की ने हथियार के साथ स्टंट किया था। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। बाद में पता चला हथियार नकली था। इसलिए चालान कर उसे छोड़ दिया गया।
ताजा वीडियो शनिवार को सामने आया। वीडियो को मुस्कान नाम की लड़की ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया। जहां से वीडियो वायरल हो गया। वीडियो प्रशासन तक पहुंचा तो पुलिस एक्टिव हो गई। एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि दोनों की पहचान हो गई है। लड़की नाबालिग है और खांजेकला थाना इलाके की रहने वाली है।
मुस्कान का इंस्टाग्राम पर अकाउंट है। वह दो साल से इस पर एक्टिव है। उस पर इसके डांस और स्टंट के और भी वीडियो हैं। लड़की के इंस्टाग्राम पर 14 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।इस मामले में पटना सेंट्रल एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि वीडियो संज्ञान में आया है। इस पर कार्रवाई की जा रही है। लड़की के हाथ में क्या है, वीडियो में अभी यह क्लियर नहीं हुआ है। जांच के बाद पता चलेगा कि लड़की के हाथ में हथियार है या लाइटर?
गंगा पाथ वे (मरीन ड्राइव) पर पुलिस टीम तैनात की गई है। यहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहती है, इसके बाद भी इस तरह के खतरनाक स्टंट युवा कर रहे हैं। पुलिस यहां सुरक्षा की जगह वसूली में लगी रहती है।