लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान पाटलिपुत्रा से बीजेपी सांसद रामकृपाल यादव जमकर बरसे। उन्होंने चर्चा के दौरान पटना में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। साथ ही I.N.D.I.A को घमंडिया बताया। उन्होंने जेडीयू नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके ज्यादातर लीडर मेरे अंडर काम किया है। इनके नेता ललन सिंह क्या बोलेंगे? मैं उनका पर्दा-पर्दा उखाड़ कर फेंक दूंगा। एक-एक की मैं पोल खोल कर रख दूंगा।
लालू यादव को जेल भेजने वाले यही ललन सिंह और नीतीश कुमार हैं। अब ये लोग लालू यादव के नाम की दुहाई दे रहे हैं। इन लोगों ने उन्हें बर्बाद करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्हें जेल जाना पड़ा। ये हम लोगों को क्या ज्ञान देंगे। इनमें मोदी को हटाने की क्षमता नहीं है।
रोजगार के मुद्दे पर इशारों इशारों में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के एक नेता सत्ता में आने से पहले कहते थे कि सरकार में आते ही अपने कलम से पहली कैबिनेट में ही 10 लाख युवाओं को रोजगार देंगे। ये हमारे नेता के बारे में जुमले की बात कर रहे हैं, अब अपने नेता के बारे में ये क्या कहेंगे।
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने मोदी सरकार पर जमकर हमला किया। ललन सिंह ने कहा मणिपुर पूर्वोत्तर का महत्वपूर्ण राज्य है। मणिपुर जल रहा है। हम वहां की स्थिति पर चर्चा कर समाधान निकालना चाहते हैं, लेकिन सत्ता पक्ष के लोग विभिन्न राज्यों में हुए छिटपुट घटनाओं का जिक्र कर उसको जस्टिफाई करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है लालू यादव के घर छापेमारी शुरू हुई। भ्रष्टाचार पर बीजेपी को बोलने का हक नहीं है।