कांग्रेस की बिहार इकाई के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कथित भारी किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में बृहस्पतिवार को पटना के आयकर गोलंबर पर प्रदर्शन किया।
पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला जलाया। राम ने देश में उत्पन्न गैस सिलेंडर संकट को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे देश में एलपीजी सिलेंडरों की भारी कमी हो गई है और लोगों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि पंजाब, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में गैस के लिए लाइन में लगे बुजुर्गों की मौत की खबरें सामने आई हैं, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह स्थिति केंद्र सरकार की नाकामी और कुप्रबंधन का स्पष्ट उदाहरण है।












