बेतिया : बेतिया में तेज रफ्तार बोलरो ने 5 स्कूली छात्रों समेत एक साइकिल सवार को रौंद दिया। हादसे में 3 छात्रों की मौत हो गई। जबकि 2 छात्र और साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक छात्रों में 2 सगे भाई हैं। हादसा बेतिया-मोतिहारी NH पर मुफ्फसिल थाने के मारुती एजेंसी के पास हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार एक बाइक पर 5 बच्चे सवार होकर स्कूल से पढ़कर वापस लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे। पुलिस को इसकी सूचना दी। घायल बच्चों को स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए बेतिया गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
मृतकों की पहचान पोखर भिंडा गांव निवासी सुदर्शन राम के पुत्र लालजी कुमार (15) और गोपालजी कुमार (10) के रूप में हुई। वहीं तीसरा मृतक कंचन राम का पुत्र अर्जुन कुमार (14) है। लालजी और गोपालजी सगे भाई थे।
वहीं घायलों में रामायण राम का पुत्र मनजीत कुमार (14) और छोटेलाल साह का पुत्र सुदामा कुमार (15) है। सभी राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरिजन बेलदारी पढ़कर अपने घर लौट रहे थे। तभी मोतिहारी से बेतिया आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने सभी को रौंद दिया।
बताया जा रहा है कि एक बाइक पर 5 बच्चे सवार होकर घर लौट रहे थे। तभी हादसा हुआ। बोलेरो ने बाइक को टक्कर मारने के बाद एक साइकिल सवार को भी रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार तीन बच्चों की मौके पर मौत हुई। जबकि 2 बच्चे घायल हो गए। वहीं साइकिल सवार भी जख्मी हो गया। साइकिल सवार की पहचान शेखवना मठ चूड़िहारवा टोला निवासी मोहम्मद युनिस (40) के रूप में हुई। ये पेशे से रिक्शा चालक है।