पटना :बिहार के सुपौल के अभिमन्यु कुमार के मन में शुरू से ही था कि उन्हें एक कंपनी खोलनी है। कॉलेज के दिनों से ही वो इसके लिए तैयारी कर रहे थे। अब अभिमन्यु ने खुद की कंपनी खोल ली है और एक तीन पहिए वाला स्टैंड अप स्कूटर बनाया है। अभिमन्यु का दावा है कि उनका यह स्कूटर 3 घंटे चार्ज करने के बाद 30 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकता है।
इस स्टैंड अप स्कूटर को बनाने की शुरुआत उन्होंने 2019 में की थी, जब वो थर्ड ईयर में थे। 6 बार असफल होने के बाद अभिमन्यु ने 7वीं बार में सफलता पाई है। वह BIT पटना से बीटेक के स्टूडेंट रह चुके हैं।
इस स्टैंड अप स्कूटर को तैयार करने में लिथियम आयन बैटरी, मोटर, एक्सीलेटर और साइकिल के चक्के का इस्तेमाल किया गया है। यह तीन चक्का वाला स्कूटर है। अभिमन्यु का कहना है इसे चलाना काफी आसान है और बैलेंसिंग की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर किसी को साइकिल भी नहीं चलाने आती तब भी वह यह स्कूटर चला सकता है। इस स्टैंड अप स्कूटर को फुल चार्ज करने में करीब 3 घंटे लगते हैं और फिर यह 30 किलोमीटर तक सफर तय कर सकते हैं। हालांकि, अभिमन्यु कोशिश कर रहे हैं कि यह 50 किलोमीटर तक चले।
अपने स्टार्ट अप के लिए अभिमन्यु ने मार्केट सर्वे किया और यह पता लगाया की गैप कहां पर है और लोगों को क्या चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी सब पेट्रोल से इलेक्ट्रिक की तरफ जा रहे हैं, लेकिन इसमें डिजाइन में नया कुछ नहीं आ रहा था। इसी कांसेप्ट के साथ वह आगे बढ़े और सोचा कि अगर वह इंडस्ट्री में नया डिजाइन का कॉन्सेप्ट लेकर आते हैं, तो कहीं ना कहीं इंडस्ट्री में कुछ ऐड ऑन हो जाएगा उन लोगों के लिए भी कुछ नया रहेगा।