पटना:बीजेपी से नीतीश की नजदीकियां बढ़ने से जुड़े पत्रकारों के सवाल पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भड़क गए। ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा की तरफ देखना तो दूर…थूकने भी नहीं जाएंगे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राजद सांसद मनोज झा के बयान का समर्थन करते हुए इसे भाजपा का स्टंट बताया।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस बयान के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा की कृपा से सीएम बनें। उनको बुला कौन रहा है। वे (नीतीश कुमार) घोषित पलटू कुमार हैं। लालू जी भी कहते थे कि वो पलटू कुमार हैं। पार्टी दफ्तर में आयोजित मिलन समारोह के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं ये बात बार-बार कह रहा हूं कि नीतीश कुमार पर भाजपा की कृपा रही है। भाजपा पर उनकी कोई कृपा नहीं है।
कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से ही होगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार फ्रस्टेशन में हैं। उनके लिए भाजपा के दरवाजे और सभी खिड़कियां बंद हो गई हैं।
दरअसल, ललन सिंह गुरुवार को पार्टी दफ्तर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान आरजेडी सांसद मनोज झा के समर्थन में भी ललन सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मनोज झा के बयान को भाजपा का स्टंट करार दिया है। साथ ही कहा कि यह पूरा विवाद भाजपा के इशारे पर हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा कनफुकवा पार्टी बन गई है। अमित शाह गोदी मीडिया के प्रोड्यूसर हैं।
ललन सिंह ने कहा है कि ये सब मीडिया का किया कराया है। मीडिया के लोग नीतीश कुमार के सलाहकार नहीं हैं जो वे जो कहेंगे वही होगा। नीतीश कुमार सात जन्म में भी भाजपा की तरफ देखना तो दूर थूकेंगे भी नहीं। भाजपा देखने जैसी भी पार्टी नहीं है कि उसकी तरफ देखा जाए। भाजपा का अस्तित्व ही क्या है?