दिल्ली में रौद्र रूप दिखा रही यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते राजधानी पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सिंचाई विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और डूब क्षेत्र से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। वहीं नोएडा में भी बाढ़ का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। इस बीच शाहदरा के जिला मजिस्ट्रेट ने यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के कारण 2 सितंबर को 5बजे से लोहा पुल पर यातायात और आम जनता की आवाजाही बंद करने का आदेश जारी किया है।
दिल्ली में सिंचाई विभाग के मुताबिक ताजेवाला बैराज (हथिनीकुंड) से आज सुबह लगभग 9 बजे भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है, जो अगले 24 से 30 घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों तक पहुंच जाएगा। सिंचाई निर्माण खंड, गाजियाबाद के अधिशासी अभियंता ने जानकारी देते हुए बताया कि बैराज से लगभग 3,29,313 क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया है। इस मानसून सीजन में अब तक का यह सबसे ज्यादा डिस्चार्ज माना जा रहा है। अनुमान है कि यह पानी 2 सितंबर की शाम तक दिल्ली, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिले तक पहुंचकर नदी के जलस्तर को सामान्य से कहीं अधिक बढ़ा देगा। इस स्थिति में नदी के डूब क्षेत्र वाले इलाकों के प्रभावित होने की पूरी संभावना है।













