संसद में रविवार को पेश हुए केंद्रीय बजट 2026-2027 पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ‘आ गया भाजपाई बजट का परिणाम, शेयर मार्केट हुआ धड़ाम।’’ उन्होंने कहा कि जब बीजेपी सरकार से ही कोई उम्मीद नहीं है, तो उसके बजट से क्या होगी।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमने तो पहले ही कहा था- सवाल ये नहीं है कि शेयर बाज़ार रविवार को खुलेगा, सवाल ये है कि और कितना गिरेगा।’’ एसपी प्रमुख ने कहा, ‘‘जब बीजेपी सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, तो उसके बजट से क्या होगी। हम तो बीजेपी के हर बजट को 1/20 का बजट मानते हैं क्योंकि वो पांच प्रतिशत लोगों के लिए होता है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी का बजट, अपने कमीशन और अपने लोगों को लाभ पहुंचाने का बजट होता है। उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी का बजट, भाजपाई भ्रष्टाचार का अदृश्य खाता-बही होता है।’’ उन्होंने दावा किया कि इस बजट में न आम जनता का ज़िक्र है, न फ़िक्र और महंगाई बेतहाशा बढ़ने पर भी इस बजट में जनता को कर में छूट न देना, ‘‘टैक्स-शोषण’’ है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा, ‘‘अमीरों के काम-कारोबार और घूमने-फिरने पर दस तरह की छूटें दी गईं हैं लेकिन बेकारी-बेरोजगारी से जूझ रहे लोगों की उम्मीदों की थाली, खाली है। यह निराशाजनक, निंदनीय बजट है।












