राजधानी दिल्ली में गंभीर प्रदूषण के कारण सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई डिजिटल तरीके से हो सकती है। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने गंभीर वायु प्रदूषण के कारण सुनवाई केवल डिजिटल तरीके से करने पर विचार करने की बात कहते हुए कहा कि वह बार से परामर्श के बाद इस पर निर्णय करेंगे।
चीफ जस्टिस ने कहा कि एक दिन पहले जब वह एक घंटे की सैर पर गए थे तो उन्होंने खुद को अस्वस्थ महसूस किया था। 60 वर्ष से अधिक आयु के अधिवक्ताओं के लिए डिजिटल तरीके से सुनवाई की अनुमति देने का विचार अदालत में रखा गया था।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने यह टिप्पणी तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के निर्वाचन आयोग के फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई की शुरुआत में की, जब आयोग की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश द्विवेदी ने व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट मांगी।













