रांची:कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि बीजेपी नीत केन्द्र सरकार संविधान को बदलने पर तुली हुई है और उसने पिछले 10 वर्ष में संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है। प्रियंका ने गोड्डा और रांची में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि केंद्र की नीतियों का विरोध करने वाले सभी लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यदि वे (बीजेपी) दोबारा सत्ता में आए तो संविधान बदल देंगे और आरक्षण में कटौती करेंगे। उन्होंने पिछले 10 वर्ष में लोकतंत्र के साथ-साथ संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को भी कमजोर कर दिया है।’’ उन्होंने दावा किया कि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जैसे देश के सभी प्रमुख संस्थान कांग्रेस की देन हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार से भिन्न कांग्रेस की नीतियों का उद्देश्य आदिवासियों के अधिकारों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झूठे मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भिजवा दिया। उनकी पत्नी कल्पना शेरनी की तरह लड़ रही हैं। पहले कानून बनाने के लिए संसद में बहस होती थी लेकिन अब वे (बीजेपी नेता) विपक्ष पर हमला करते हैं।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री ने कोविड टीके बनाने वाली एक कंपनी से ‘‘52 करोड़ रुपये का चंदा’’ लिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह टीका अब लोगों के शरीर में दुष्प्रभाव पैदा कर रहा है; कई लोगों की जिम में कसरत करते हुए या काम के दौरान अचानक मौत हो गई।’’ प्रियंका ने कहा कि बीजेपी ने हेमंत सोरेन (झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री) को सलाखों के पीछे डालकर सोचा था कि वह आसानी से आगे बढ़ जाएगी, लेकिन इसके बजाय, “आदिवासी मजबूत होकर उभरे हैं और बीजेपी को उसकी आदिवासी विरोधी नीतियों के लिए चुनौती दे रहे हैं।